भू-विस्थापित मजदूर संघ की पहल रंग लाई, पीड़ित परिवार को मिलेगी 15 लाख की सहायता और रोजगार
कोरबा//कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत पताढ़ी स्थित अदानी पावर प्लांट के सामने हुए सड़क हादसे में दर्राभाठा निवासी मुकेश कुमार कंवर की दुखद मृत्यु के बाद उनके परिवार पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा था। ऐसे कठिन समय में भू-विस्थापित मजदूर संघ (NFITU) ने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहायता सुनिश्चित कराई।
संघ के पदाधिकारियों ने अदानी प्रबंधन के साथ लगातार 6 से 7 घंटे तक चर्चा कर मृतक के परिजनों के हित में सकारात्मक निर्णय कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संघ के प्रयासों से कंपनी द्वारा पीड़ित परिवार को कंपनी की निर्धारित नीति से अतिरिक्त 15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, मृतक की पत्नी को रोजगार उपलब्ध कराने तथा तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान करने पर सहमति बनी।
स्थानीय लोगों ने भी संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थिति में पीड़ित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल दिलाने का यह प्रयास सराहनीय है। संघ के अध्यक्ष प्रवीण ओगरे के नेतृत्व में पदाधिकारियों और सदस्यों ने लगातार संवाद कर परिवार के हितों को प्राथमिकता दी।
बैठक में महासचिव धनाराम खांडे, उपाध्यक्ष अखिलेश कुर्रे, सचिव श्याम शंकर कुर्रे, कोषाध्यक्ष रामधन मिरी, वेदराम, विधायक प्रतिनिधि रोशन खांडे, पवन कुमार, संजय कुर्रे, चन्द्रशेखर भारद्वाज, राजकुमार बंजारे, मंगल सिंह कंवर, मुकुंद राम, कमलेश साहू, सोबिंद सोनवानी सहित संघ के अनेक सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
भू-विस्थापित मजदूर संघ के इस प्रयास को क्षेत्र में पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशील और सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट






