Home / News / गिधौरी में विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति बनी समस्या, बच्चों की पढ़ाई बाधित

गिधौरी में विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति बनी समस्या, बच्चों की पढ़ाई बाधित

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गिधौरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। विद्यालय भवन की दशा इतनी खराब हो चुकी है कि अब बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है।

हाल ही में हुए निरीक्षण के दौरान जनपद सदस्य ने विद्यालय परिसर का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन की हालत अत्यंत खराब है और बच्चों को पढ़ाई में भारी असुविधा हो रही है। फिलहाल बच्चों की पढ़ाई अतिरिक्त भवन में कराई जा रही है, लेकिन यह भी अस्थायी और अपर्याप्त है।

विद्यालय में वर्तमान में 70 से 80 बच्चे अध्ययनरत हैं। भवन की कमी के चलते पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को एक ही कक्षा में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चुनौतीपूर्ण बन गया है। करीब 20 साल पुराना यह भवन अब पूरी तरह से जीर्ण-शीर्ण हो चुका है।

जनपद सदस्य ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी से जल्द चर्चा कर भवन निर्माण की मांग रखने का निर्णय लिया है। इस विषय में उन्होंने जनपद कार्यालय एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी सूचना दे दी है।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत गिधौरी की सरपंच विज्ञानी कंवर, मीता बाई कंवर उपसरपंच एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शीघ्र नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग की, ताकि बच्चों को एक सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

Tagged:
[post-views]
Share
Now