गांधी परिवार से बाहर जाएगी कांग्रेस की कमान- इस पूर्व सीएम का नाम सबसे आगे….

  • कांग्रेस परिवार के बेहद करीबी माने जाने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने गुरुवार को दिल्ली में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।
  • सोनिया के आवास पर हुई बैठक में यूपी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं।
  • सूत्रों की मानें तो कलमनाथ को कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी में बड़े बदलाव की अटकलों के बीच आज एक अहम बैठक हुई. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच एक घंटे से ज्यादा बैठक चली. इसके बाद कमलनाथ 10 जनपथ से रवाना हो गए.

इस मीटिंग में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रही. सूत्रों से जानकारी मिली है कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है. उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है.यदि ऐसा होता है तो दो दशक से अधिक समय के बाद पहली बार कांग्रेस पार्टी की कमान गांधी परिवार से बाहर जाएगी। 1998 में सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही पार्टी की बागडोर गांधी परिवार के हाथ में रही है…

बैठक से इस बात को लेकर अटकलें लगाईं जा रही है कि कांग्रेस निकट भविष्य में पार्टी में बड़े फेरबदल की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जा सकती है। 2019 लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

तब से ही अंतरिम अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी जिम्मेदारी निभा रही हैं। हालांकि, इस बीच पार्टी के कई बड़े नेताओं ने संगठन चुनाव को लेकर खुलकर आवाज उठाई है। 

कमलनाथ की पार्टी में अच्छी पकड़ है और वरिष्ठ नेताओं से भी अच्छे संबंध हैं। 2002 में उन्हें कांग्रेस पार्टी का महासचिव बनाया गया था। लंबे समय से गांधी परिवार के साथ घनिष्टता रखने वाले कमलाथ राहुल गांधी के भी पसंदीदा नेताओं में गिने जाते हैं।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से 9 बार के लोकसभा सांसद रहे कमलनाथ को 2018 में प्रदेश का मुख्यमंत्री भी बनाया गया। हालांकि, ज्योतिरादित्य सिंधिया की बगावत के बाद मार्च 2020 में कमलनाथ की सरकार गिर गई और एक बार फिर बीजेपी ने सत्ता हासिल कर ली।

Share
Now