Join WhatsApp Group Join WhatsApp Group

खुद की राइफल से निकली गोली जबड़े में घुसी , सिर को चीरकर कार की छत से निकली…….

राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई। सीआईएसएफ के जवान से गलती से अपनी ही राइफल का ट्रिगर दब गया। जिसके बाद राइफल से निकली गोली जबड़े में घुसते हुए सिर से निकली और कार की छत को चीरते हुए पार हो गई। हादसा मंगलवार सुबह करीब छह बजे फतेहपुर की बुद्धगिरी मंडी के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार झुंझुनूं के रहने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान देवीलाल की विधानसभा चुनाव में ड्यूटी लगी थी। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे देवीलाल अपने तीन साथियों के साथ कार से बुद्धगिरी मंडी के पास चाय पीने के लिए गया था। वहां से सभी कार से बुद्धगिरी मंडी परिसर स्थित धर्मशाला जा रहे थे।

इस दौरान कार में बैठे देवीलाल से अपनी ही राइफल का ट्रिगर दब गया। गोली उसके जबड़े से घुसी और सिर को चीरती हुई कार की छत से बाहर निकल गई। हादसे के बाद सभी साथी जवान घबरा गए। वे तुरंत घायल जवान को राजकीय धानुका उप जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जवान को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक जवान के परिजनों को भी सूचना दे दी गई। पुलिस की जानकारी के अनुसार जवान देवीलाल सात साल पहले सेना में भर्ती हुआ थे। डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी। चार भाई-बहनों में देवीलाल सबसे छोटे थे।

Share
Now