दिल्ली के नेहरू विहार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 9 साल की बच्ची का शव सूटकेस में खून से लथपथ हालत में मिला। बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कई टीमों को आरोपियों का पता लगाने के लिए तैनात किया गया है। आरोपी की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। शुरुआती मेडिकल जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है। बच्ची के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं।
इस मामले में राजनीति भी तेज हो गई है। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए कौन जिम्मेदार है? उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि “दिल्ली में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और मर्डर के लिए कौन जिम्मेदार है? भाजपा की 4 इंजन की सरकार है, फिर भी हमारी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं?”
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची के पिता ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
रिपोर्ट:- कनक चौहान