उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एक बार फिर दलेर मेहंदी विवाद को लेकर चर्चा में आ गए हैं। इस बार वजह उनका एक नया बयान है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कार्यक्रम के मंच से मंत्री ने ऐसा कुछ कहा, जिसने इस विवाद को फिर से सुर्खियों में ला दिया।
वायरल वीडियो में सुबोध उनियाल अपने रुख पर मजबूती से खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं इस्तीफा देना पसंद करूंगा, माफी नहीं मांगूंगा। जीवन में आत्मसम्मान बहुत बड़ी चीज है।”
उनके इस बयान से साफ है कि वह इस पूरे मामले में माफी मांगने के बजाय अपने आत्मसम्मान को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि, उनके इस रुख को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, टिहरी के कुंजापुरी मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर विवाद हुआ था। कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल और गायक के बीच हुई बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
अब मंत्री के ताजा बयान ने इस प्रकरण को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। ऐसे में देखना होगा कि इस बयान के बाद विवाद क्या नया मोड़ लेता है।





