गढ़पुरा (बेगूसराय)। गढ़पुरा क्षेत्र के समाजसेवी रामलखन सहनी का 107 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। समाज में उनकी पहचान न केवल एक बुजुर्ग मार्गदर्शक के रूप में थी, बल्कि वे अपने लंबे जीवन में हमेशा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे।
बखरी के विधायक सूर्यकांत पासवान ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक ने गढ़पुरा स्थित उनके आवास पहुंचे, जहां उन्होंने बड़े पुत्र से मुलाकात कर दुख साझा किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विधायक ने कहा, “रामलखन सहनी का जीवन पूरी तरह समाज सेवा और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित रहा। वे अपने व्यवहार, सादगी और सेवा भाव के कारण हर वर्ग के लोगों में लोकप्रिय थे। उनका जाना हमारे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।”
इस मौके पर उनके मंझले पुत्र राजाराम सहनी, छोटे पुत्र मायाराम सहनी, अन्य परिजन, पड़ोसी और कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने उनकी पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
गढ़पुरा के समाजसेवी रामलखन सहनी का 107 वर्ष की आयु में निधन, बखरी विधायक ने दी श्रद्धांजलि






