लोकेशन : समस्तीपुर
रिपोर्ट : नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर जिले में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’ का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुँचाने के उद्देश्य से बुधवार को दलसिंहसराय प्रखंड कार्यालय के निकट मैदान में एक दिवसीय विशेष सोलर परामर्श एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने किया।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में विद्युत विभाग, 10 प्रमुख बैंकों तथा सरकार द्वारा अधिकृत सोलर वेंडरों ने एक ही छत के नीचे लाभुकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। जिला प्रशासन ने इस शिविर के माध्यम से 500 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उद्घाटन के अवसर पर जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’ आम लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने से बिजली बिल में कमी आएगी, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। उन्होंने सभी पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने लाभुकों को रूफटॉप सोलर संयंत्र की तकनीकी व्यवहार्यता, नेट-मीटरिंग प्रणाली, बिजली बचत तथा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
वहीं, कैनरा बैंक, उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया सहित 10 प्रमुख बैंकों के प्रतिनिधियों ने ऋण, आसान किस्तों, रियायती ब्याज दर तथा ऋण स्वीकृति प्रक्रिया से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। अधिकृत सोलर वेंडरों ने भी संयंत्र चयन, उपकरणों की गुणवत्ता, वारंटी, स्थापना प्रक्रिया एवं केंद्र सरकार की सब्सिडी के संबंध में लाभुकों का मार्गदर्शन किया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य जिले के प्रत्येक पात्र परिवार तक इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर बिजली की बचत, आर्थिक लाभ और पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सहभागी बनें।










