आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यभूषण आर्य की अध्यक्षता में सभी न्यायिक पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यभूषण आर्य ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक सुलहनीय वादों की पहचान कर संबंधित पक्षों को समय पर नोटिस निर्गत किया जाए, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर अधिकतम मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने विशेष रूप से खनन, बिजली, ट्रैफिक चालान सहित अन्य सुलह योग्य मामलों के अधिकाधिक निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्च में न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। सभी न्यायिक पदाधिकारियों से उन्होंने समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में सभी जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेंद्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बांका की सचिव सपना रानी, एसीजेएम प्रथम मोहम्मद शाहनवाज आलम, एसीजेएम-3 अविनाश कुमार, एसीजेएम-4 संगीता कुमारी, जे एम प्रथम नवनीत कुमार, भवेश चंद्र, अमित कुमार, आकांक्षा कुमारी, उमा कुमारी, दिवाकांत एवं प्रणव कुमार उपस्थित रहे।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्यभूषण आर्य का यह दूरदर्शी नेतृत्व एवं न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सरल और जनहितकारी बनाने का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु उनकी सक्रिय पहल न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन में सहायक होगी, बल्कि आम नागरिकों को सुलभ, त्वरित और सौहार्दपूर्ण न्याय दिलाने की दिशा में भी एक प्रेरणादायी कदम साबित होगी। बांका जिला उनके कुशल नेतृत्व में न्यायिक सेवाओं को और अधिक जनोन्मुखी बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।







