सऊदी अरब ने 1 फरवरी 2025 से भारत, पाकिस्तान समेत 14 देशों के नागरिकों के लिए मल्टीपल-एंट्री वीजा पर रोक लगा दी है। अब इन देशों के नागरिक केवल सिंगल-एंट्री वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं, जो 30 दिनों के लिए मान्य होगा। यह कदम अनधिकृत हज यात्रियों की संख्या को नियंत्रित करने के उद्देश्य से उठाया गया है, क्योंकि कई यात्री लंबी अवधि के वीजा पर आकर बिना अनुमति के हज यात्रा करते थे, जिससे भीड़-भाड़ और अव्यवस्था होती थी।
सऊदी अरब ने जिन 14 देशों के लिए यह प्रतिबंध लागू किया है, उनमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, मिस्र, इथियोपिया, अल्जीरिया, इंडोनेशिया, इराक, जॉर्डन, मोरक्को, नाइजीरिया, सूडान, ट्यूनीशिया और यमन शामिल हैं। हज, उमराह, राजनयिक और निवास वीजा पर इस नए नियम का कोई असर नहीं पड़ेगा।
इससे पहले, दिसंबर 2024 में भी मुस्लिम देशों, विशेषकर यूएई और सऊदी अरब, ने पाकिस्तान के 30 शहरों के नागरिकों पर वीजा प्रतिबंध लगाए थे। इन प्रतिबंधों का कारण पाकिस्तान से अवैध प्रवासन, ड्रग तस्करी, भिखारी और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों में बढ़ोतरी थी। इससे पाकिस्तानी पासपोर्ट की अंतर्राष्ट्रीय छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा था।