सहारनपुर, 27 सितंबर 2025 — आगामी त्योहारों के मद्देनज़र परिक्षेत्र सहारनपुर के तीनों जनपदों—सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली—में कानून व्यवस्था को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने हेतु शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) श्री अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में एक ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की गई। इस गोष्ठी में क्षेत्र के समस्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की जाए, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके।

विशेष ट्रैफिक योजना पर बल
डीआईजी ने यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहरों में आवागमन बाधित न हो, इसके लिए विशेष ट्रैफिक योजना तैयार कर उसे सख्ती से लागू किया जाए।
डिजिटल निगरानी और सोशल मीडिया पर सतर्कता
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैलाई जा रही भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मैदानी भ्रमण के निर्देश
डीआईजी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे स्वयं अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सतत नजर बनाए रखें। किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
रिपोर्ट : नईम सागर






