उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर ट्रक का ब्रेक फेल होने से चार वाहन आपस में टकरा गए। इस टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई, जिससे बड़ा नुकसान हुआ।
यह हादसा रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर रात करीब 8 बजे हुआ, जहां ट्रक, बोलेरो, कार और ट्रेलर आपस में भिड़ गए। टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
इस दर्दनाक हादसे में 11 लोगों की मौत की सूचना है। जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार दो महिलाओं, दो बच्चों और पांच पुरुषों की जान चली गई। इसके अलावा स्विफ्ट कार में सवार एक व्यक्ति और ट्रक चालक की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई।
स्विफ्ट कार चालक की पहचान जय प्रकाश (26), पुत्र मुन्नर, निवासी परसिया दुबे, राबर्ट्सगंज (सोनभद्र) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।






