Home / Sports / कम बैक मैच में रोहित कोहली फ्लॉप तो उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे शुभमन …..

कम बैक मैच में रोहित कोहली फ्लॉप तो उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे शुभमन …..

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज़ का पहला मुकाबला पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला गया, जहां भारतीय फैंस को उस पल का इंतज़ार था जब रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर टीम इंडिया की जर्सी में नज़र आएंगे। दोनों दिग्गजों ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल के बाद पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता था। लेकिन वापसी का ये मैच रोहित और कोहली के लिए कुछ खास नहीं रहा। रोहित शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर जोश हेज़लवुड की गेंद पर स्लिप में कैच आउट हो गए। वहीं विराट कोहली बिना खाता खोले मिचेल स्टार्क की गेंद पर आउट हो गए। दोनों की टाइमिंग बेहद खराब रही और उन्हें शुरुआत भी नहीं मिल पाई।

विराट कोहली के लिए यह आउट होना कुछ ज्यादा ही खास (और निराशाजनक) रहा, क्योंकि यह पहली बार था जब वह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर वनडे मैच में शून्य पर आउट हुए। अब तक उन्होंने यहां 30 पारियां खेली हैं और कभी डक पर नहीं लौटे थे। स्टार्क ऐसे दूसरे गेंदबाज बने हैं जिन्होंने कोहली को वनडे इंटरनेशनल में दो बार शून्य पर आउट किया है। इससे पहले इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन ही ऐसा कर पाए थे। दूसरी ओर शुभमन गिल भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और नाथन एलिस की गेंद पर 10 रन बनाकर विकेटकीपर को कैच थमा बैठे।

तीनों टॉप बल्लेबाज़ – रोहित (8), कोहली (0) और गिल (10) – कुल मिलाकर सिर्फ 18 रन ही जोड़ सके, जो कि वनडे क्रिकेट में उनके संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर में से एक है जब तीनों ने एक साथ बल्लेबाज़ी की हो। इससे पहले 2023 में पल्लेकेल में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इनका संयुक्त स्कोर 25 रन था। फैंस को इन दिग्गजों से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन इस मैच में उनकी वापसी फीकी रही। अब सभी की नजरें अगले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया वापसी करने की कोशिश करेगी।

रिपोर्ट:- कनक चौहान

Tagged:
[post-views]
Share
Now