राजस्थान:अशोक गहलोत ने जीता विश्वास मत, 21 अगस्त तक सदन स्थगित

राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। ध्वनि मत से विश्वास प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके साथ ही 21 अगस्त तक सदन को स्थगित किया गया।राजस्थान में पिछले करीब एक महीने से सियासी घमासान जारी था। कांग्रेस से सचिन पायलट के बागी तेवर अपनाने के बाद राज्य में अशोक गहलोत की सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। हालांकि अब सचिन पायलट के साथ कांग्रेस की सुलह हो चुकी है और राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विश्वास मत भी हासिल कर लिया है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों में खुशी की लहर देखी गई।वहीं अब राजस्थान में 21 अगस्त तक सदन को स्थगित किया गया है।
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि आज बीजेपी के लोग ढोंगी बन रहे हैं।मैं 69 साल का हो गया, 50 साल से राजनीति में हूँ। मैं आज लोकतंत्र को लेकर चिंतित हूं।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सम्माननीय नेता प्रतिपक्ष को कहना चाहूंगा कि आप चाहे कितनी भी कोशिश कर लो, मैं आपको कहता हूं कि मैं राजस्थान की सरकार को गिरने नहीं दूंगा।
करीब एक महीने की बगावत के बाद सचिन पायलट वापस जयपुर लौटे।जहां सचिन पायलट और अशोक गहलोत की मुलाकात हुई। दोनों ने एक दूसरे से हाथ मिलाया और फोटो भी खिंचवाई। हालांकि इस दौरान दोनों के चेहरे के भाव पता नहीं चल सके क्योंकि दोनों ने कोरोना के कारण मास्क पहना हुआ था।

Share
Now