संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज बांका जिला अंतर्गत सभी प्रखंडों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के क्षेत्र में बाबा साहब के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य कार्यक्रम बांका अनुमंडल परिसर (जेल गेट के सामने) में आयोजित किया गया, जहाँ जिला पदाधिकारी, अंशुल कुमार ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसे जिला पदाधिकारी ने विधिवत रूप से संपन्न किया।
इस आयोजन में उप विकास आयुक्त, बांका; बंदोबस्त पदाधिकारी; अपर समाहर्ता; जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। सभी उपस्थित अधिकारियों ने डॉ. अंबेडकर के विचारों और उनके जीवन संघर्ष को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा, “बाबा साहब का जीवन संघर्ष और उनके विचार आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इसी क्रम में आज धोरैया प्रखंड परिसर में स्थित अम्बेडकर पार्क में बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर प्रमुख तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधि एवं विकास मित्र की उपस्थिति में माल्यार्पण किया गया। वहीं प्रखंड शंभूगंज कार्यालय में स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती पर प्रमुख तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, शंभूगंज द्वारा माल्यार्पण किया गया। अमरपुर प्रखंड में भी डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती पर प्रखंड कार्यालय अमरपुर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा पुष्प अर्पण किया गया।
इसके साथ-साथ जिला के सभी प्रखंडों में माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।
