उत्तर प्रदेश में लचर कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में लिखा है कि प्रदेश की जनता इस लचीली कानून व्यवस्था से परेशान है, मुख्यमंत्री को इस कानून व्यवस्था को ठीक करना चाहिए। प्रदेश में अपहरण सहित अन्य आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ रहीं हैं, जो कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती है।
मंगलवार को प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा है कि कानपुर, गोंडा व गोरखपुर की घटनाएं आपके संज्ञान में होंगी। मैं गाजियाबाद के एक परिवार की पीड़ा की तरफ आपका ध्यान खींचना चाहती हूं, मेरी इस परिवार से बातचीत हुई है।
गाजियाबाद के व्यवसायी विक्रम त्यागी करीब एक महीने से लापता हैं। परिवार को अपरहण की आशंका है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी पुलिस और प्रशासन इस तरफ ध्यान देने के लिए तैयार नहीं है। दो दिन पहले कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल परिवार से मिला था। परिजन इस बात को लेकर बहुत ज्यादा परेशान है।
प्रियंका गांधी ने सीएम योगी सेे मांग की है कि विक्रम त्यागी के परिजनों की मदद करें, साथ ही पुलिस अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित करें कि पूरी तरह से उनकी मदद की जाए।