लखीमपुर कांड पर फिर से भड़की प्रियंका गांधी, बोलीं- न्याय के लिए पीड़ितों को खुद जाना पड़ रहा सुप्रीम कोर्ट, शर्मनाक…

लखीमपुर मामले को लेकर एक बार फिर से कांग्रेस की उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने सवाल खड़े किए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखीमपुर खीरी में गाड़ी से कुचले गए किसानों के परिजनों का न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाना सरकार के लिए शर्मनाक करार दिया है।

प्रियंका गांधी ने बुधवार को कहा कि पीड़ति परिजनों को सरकार को खुद न्याय दिलाना चाहिए था, लेकिन सरकार का उनके प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैया रहा है जिसके कारण उन्हें न्याय पाने के लिए खुद उच्चतम न्यायालय में गुहार लगानी पड़ रही है।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कितनी शर्मनाक बात है कि लखीमपुर किसान नरसंहार के पीड़ति परिवारों को खुद माननीय उच्चतम न्यायालय में जाकर न्याय की गुहार लगानी पड़ रही है। जिम्मेदारी सरकार की थी, लेकिन भाजपा ने सारी ताकत मंत्री के बेटे को बचाने में लगाई। किसान भाजपा सरकार के इस अन्याय को भूलेंगे नहीं।

Share
Now