दिल्ली में INDIA ब्लॉक की अहम बैठक से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बैठक में SIR प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों और विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद में प्रस्ताव लाने से जुड़े नोटिस पर भी विचार किया जाना है।
बैठक से पहले दिल्ली में विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने वाले पोस्टर और होर्डिंग लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इस पर CPI सांसद पी. संतोष ने कहा कि इस तरह के पोस्टर पहले भी लगाए जाते रहे हैं और इससे बैठक के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है। कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन के मुताबिक, बैठक में चुनाव आयोग, SIR और अन्य मुद्दों पर चर्चा के साथ प्रस्ताव भी रखा जाएगा।
हालांकि बैठक से पहले विपक्षी एकजुटता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। AAP और DMK ने बैठक में शामिल नहीं होने की बात कही है। वहीं, उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के नामांकन के चलते समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी बैठक में मौजूद नहीं रहेंगे और उनकी जगह प्रतिनिधि भेजे जाएंगे।
INDIA ब्लॉक की पिछली बैठक 8 जून को हुई थी। इस बार विपक्षी दल SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर संयुक्त आंदोलन की रणनीति पर चर्चा करेंगे। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, जयराम रमेश, के.सी. वेणुगोपाल, TMC नेताओं समेत कई विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।






