कौशाम्बी संवाददाता मुज़फ्फर की रिपोर्ट
कौशाम्बी। थाना मंझनपुर क्षेत्र में भैंस चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। एसपी राजेश कुमार के सकुशल निर्देशन एवं सतत निगरानी में गठित पुलिस टीमों ने कोर्रो रोड के पास मुठभेड़ में 02 शातिर आरोपियों को घायल कर दिया, जबकि 05 अन्य साथियों सहित कुल 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शमशाबाद निवासी महेश प्रसाद यादव की दो भैंसें 11/12 जनवरी की रात चोरी हो गई थीं। मामले में थाना मंझनपुर में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कोर्रो रोड के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान एक बाइक और दो पिकअप सवार बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मो. सकील और हबीब उल्ला पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें जिला चिकित्सालय मंझनपुर में भर्ती कराया गया है। शेष पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 चोरी की भैंसें, 02 तमंचा 315 बोर, 04 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस, 02 पिकअप वाहन और 01 पल्सर बाइक बरामद की है।
इस सफलता पर एसपी राजेश कुमार ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से पशु चोर गिरोह पर प्रभावी शिकंजा कसा गया है।







