Home / Updates / पीएम मोदी का राष्ट्र को संबोधन: जीएसटी सुधारों पर देश में उत्साह, अर्थव्यवस्था को मिलेगी…..

पीएम मोदी का राष्ट्र को संबोधन: जीएसटी सुधारों पर देश में उत्साह, अर्थव्यवस्था को मिलेगी…..

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम देशवासियों को संबोधित करते हुए नवरात्र की शुभकामनाएं दीं और जीएसटी में बड़े बदलावों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नए जीएसटी सुधारों से हर भारतीय की बचत बढ़ेगी और “त्योहारों के इस मौसम में हर घर का मुँह मीठा होगा।”

स्वदेशी पर जोर

मोदी ने लोगों से अपील की कि वे अपनी रोजमर्रा की खरीदारी में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा, “हमारी जेब में कंघी से लेकर घर की कई चीज़ों तक हमें पता ही नहीं होता कि वह देशी है या विदेशी। अब हमें गर्व से कहना चाहिए—मैं स्वदेशी खरीदता हूं और स्वदेशी बेचता हूं।” उन्होंने राज्य सरकारों से भी स्थानीय उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने की बात कही।

जीएसटी में आसान नियम

पीएम मोदी ने बताया कि अब जीएसटी के सिर्फ दो स्लैब—5% और 18%—रहेंगे। रोजमर्रा की जरूरत की चीजें जैसे खाने-पीने का सामान, दवाइयां, ब्रश-पेस्ट, बीमा आदि पर या तो टैक्स शून्य होगा या सिर्फ 5%। इसका सीधा फायदा आम जनता, किसानों, महिलाओं, दुकानदारों और छोटे उद्यमियों को मिलेगा।

छोटे कारोबारियों के लिए राहत

उन्होंने कहा कि इन बदलावों से छोटे और मझोले उद्योगों (एमएसएमई) को बड़ी राहत मिलेगी। कम टैक्स और आसान प्रक्रियाएं उनकी बिक्री बढ़ाएंगी और रोजगार के नए अवसर खोलेंगी। मोदी बोले, “जब भारत समृद्धि के शिखर पर था, तब कुटीर उद्योग उसकी रीढ़ थे। हमें वह गौरव दोबारा पाना है।”

एक देश, एक टैक्स

मोदी ने याद दिलाया कि 2014 में सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने जीएसटी को प्राथमिकता दी और सभी राज्यों के सहयोग से ‘वन नेशन, वन टैक्स’ का सपना पूरा किया। उन्होंने कहा कि यह सुधार देश को दर्जनों टैक्स के जाल से बाहर लाया और कारोबार को आसान बनाया।

हर नागरिक के लिए डबल बचत

प्रधानमंत्री ने कहा कि इनकम टैक्स और जीएसटी में छूट से देशवासियों को हर साल 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बचत होगी। उन्होंने कहा, “न्यू मिडिल क्लास और गरीब परिवारों को इस बचत उत्सव का सबसे बड़ा फायदा मिलेगा—घर बनाने से लेकर कार खरीदने तक अब कम खर्च होगा।”

मोदी ने संबोधन का समापन करते हुए कहा कि नेक्स्ट जेन जीएसटी सुधार भारत की अर्थव्यवस्था को नई ताकत देंगे और हर राज्य को विकास की दौड़ में बराबरी का मौका देंगे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now