गढ़पुरा (बेगूसराय)। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) गढ़पुरा के सभागार में SaQshi Application पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं हैंडहोल्डिंग कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नेहाल फारुकी ने की। कार्यशाला में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार, ब्लॉक मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अमित कुमार, सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (HWC-AAM) के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (CHO), एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन पिरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम लीडर जयन्त चौधरी एवं गांधी फेलो श्रीतमा ने किया। इस दौरान प्रतिभागियों को SaQshi Application के उद्देश्य, उपयोगिता, संचालन प्रक्रिया और विभिन्न डिजिटल सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही CHO एवं ANM को एप्लीकेशन के प्रभावी उपयोग के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं हैंडहोल्डिंग सहायता भी प्रदान की गई। कार्यशाला में NQAS मूल्यांकन की तैयारी, गुणवत्ता सुधार टीम की भूमिका, साक्ष्य संधारण, डिजिटल मॉनिटरिंग, कमियों की पहचान तथा स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता मानकों के प्रभावी अनुपालन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नेहाल फारुकी ने कहा कि SaQshi Application के उपयोग से गुणवत्ता मूल्यांकन और निगरानी की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनेगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वास्थ्य संस्थानों की वास्तविक स्थिति का समयबद्ध आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार ने कहा कि SaQshi Application स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार गतिविधियों की सतत निगरानी, कमियों की पहचान और NQAS मूल्यांकन की तैयारियों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने एप्लीकेशन के उपयोग से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे तथा अपने अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में डिजिटल तकनीक की भूमिका को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
गढ़पुरा पीएचसी में SaQshi ऐप पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित






