राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉक्टरों को किया सम्मानित
देहरादून, 1 जुलाई 2025
राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने शासकीय आवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेशभर से आए प्रमुख चिकित्सकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में डॉक्टरों को “धरती का भगवान” कहा जाता है और यह सम्मान उनके सेवा, समर्पण और करुणा से प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में ज्ञान, विज्ञान और आध्यात्म का अद्वितीय संगम है। हमारी संस्कृति केवल आस्था पर नहीं, बल्कि गहन वैज्ञानिक चिंतन और शोध पर आधारित है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर का पेशा एक “नोबल प्रोफेशन” है, जिसमें सेवा और संवेदना की भावना सर्वोपरि होती है।
मुख्यमंत्री धामी ने उपस्थित डॉक्टरों से अनुरोध किया कि वे अपने आचरण और समर्पण के माध्यम से जनता के मन में मौजूद सम्मान और श्रद्धा को और मजबूत करें। उन्होंने प्रत्येक चिकित्सक से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका सम्मान किया और सराहना की।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अब तक प्रदेश में लगभग 58 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
करीब 11 लाख मरीजों को ₹2,100 करोड़ से अधिक के कैशलेस उपचार का लाभ मिला है।