अब पूर्व विधायक ताबिश खान के राइस मिल पर चला बुलडोजर! सरकार ने किया…

संतकबीरनगर में बसपा के पूर्व विधायक मोहम्मद ताबिश खान की राइस मिल पर गुरुवार को बुलडोजर चल गया। परती की भूमि पर बनी राइस मिल व आसपास किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया गया।

यूपी के संतकबीरनगर में मेंहदावल तहसील प्रशासन ने गुरुवार को भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में बसपा के पूर्व विधायक मोहम्मद ताबिश खान की राइस मिल पर बुलडोजर चलाया है। परती की भूमि पर बनी राइस मिल व आसपास किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया गया। मेंहदावल के एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की जा रही है। इसकी चर्चा पूरे जनपद में हो रही है।

खेसरहा विधानसभा क्षेत्र से 2007 में बसपा के विधायक रहे मोहम्मद ताबिश खान ने बखिरा थाना क्षेत्र के राजेडीहा में नवीन परती व गड्ढे की जमीन पर अवैध कब्जा करके राइस मिल का निर्माण कराया था। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी गई थी। जांच में पता चला कि मामला सही है। पूर्व विधायक ने अपने प्रभाव का इस्तेमान करके वहां अवैध निर्माण करवा लिया था। गुरुवार को एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी, सीओ अंबरीष भदौरिया के साथ बखिरा, धर्मसिंहवा और बेलहर थानाध्यक्ष तथा भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में प्रशासन राइस मिल को ध्वस्त कराने पहुंची।

दो बुलडोजर लगाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। आधे से ज्यादा अवैध निर्माण को अभी तक ध्वस्त किया जा चुका है। कुछ समय के लिए इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी देखने को मिली लेकिन प्रशासन ने इसे संभाल लिया। इस कार्रवाई से समूचे क्षेत्र में हड़कंप मचा है। उपजिलाधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जांच-पड़ताल में नवीन परती की जमीन पर राइस मिल लगाने की पुष्टि होने के बाद धारा 67 के अंतर्गत बेदखली की नियमावली के तहत कार्रवाई की जा रही है।

सरकारी भूमि को पूरी तरह से कब्जा मुक्त कराया जाएगा। मौके पर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। हर हाल में सरकारी भूमि से कब्जा हटवाया जाएगा। जनपद में कुछ भूमि को चिह्नित किया गया है। जहां से भी अवैध कब्जे की सूचना मिल रही है वहां राजस्व विभाग की टीम भेजकर जांच करवाई जा रही है।

Share
Now