नीतीश बोले भाजपा 100 पर सिमट जाएगी बस कांग्रेस के फैसले का इंतजार…..

पटना में भाकपा माले अधिवेशन में नीतीश कुमार ने कहा कि अब कांग्रेस को भी निर्णय लेना होगा कि 2024 में क्या रणनीति होनी चाहिए और विपक्षी एकता को किस तरह से मजबूत करना चाहिए। यदि कांग्रेस इस बात पर तैयार हो जाए तो 2024 में भाजपा 100 सीटों के अंदर सिमट कर रह जाएगी। इस पर सलमान खुर्शीद ने भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी जो आप सोचते हैं, वो कांग्रेस भी सोचती है। बस बात इतनी सी है कि पहले आई लव यू कौन कहेगा। शनिवार को भाकपा माले के अधिवेशन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और माले के महासचिव दीपंकर भट्‌टाचार्य भी शामिल हुए।

बस आपके फैसले का इंतजार है..
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाकपा-माले के मंच से कहा कि विपक्ष एकता की कवायद चल रही है। आप लोगों के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। कई पार्टियां एकजुट होने के लिए तैयार हैं। बस आपके फैसले का इंतजार है। देश के हित में सोचेंगे तो आपको ही फायदा होगा और दोस्त को भी फायदा होगा। नीतीश कुमार ने कांग्रेस से कहा कि हमको कुछ नहीं चाहिए। हम चाहते हैं सभी एकजुट होकर 2024 में भाजपा का सामना करें। हम पहले भी साथ चल रहे थे, आगे भी साथ चलेंगे। सलमान खुर्शीद सामने बैठे हैं। हम लोगों ने विपक्षी एकता के लिए जाकर दिल्ली में संदेश दे दिया था। अब हम लोग कांग्रेस का इंतजार कर रहे हैं।

सलमान खुर्शीद ने कहा- आलाकमान तक मैसेज देंगे
कांग्रेस के पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने नीतीश कुमार को जवाब देते हुए कहा कि हम आपकी बात को आलाकमान तक पहुंचा देंगे, मैं एक वकील हूं, आपकी वकालत कर दूंगा।

दीपंकर ने भी नीतीश की बातों में जताई सहमति
भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि आज देश में संविधान खतरे में है। ऐसे ऐसे में देश में जितनी विपक्षी पार्टियां हैं, उन सभी को एकजुट होना होगा और समय बहुत कम है। 2024 के चुनाव से पहले विपक्ष की एकता जरूरी है।

तेजस्वी बोले- भाजपा मनुस्मृति की थ्योरी को संविधान बनाना चाहती है: डिप्टी सीएम तेजस्वी ने कहा कि भाजपा मंदिर, मस्जिद, गाय की चर्चा करती रहती। नफरत की राजनीति फैलाने वाले लोग यह जान लें कि देश किसी के बाप का नहीं, जो मुसलमानों से वोटिंग का अधिकार छीन लें। भाजपा और आरएसएस मनुस्मृति और गोलवलकर की थ्योरी को संविधान बनाना चाहती, लेकिन देश की जनता इसे कभी पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कहा कि हम सभी कांग्रेस का इंतजार कर रहे हैं।

विपक्षी एकता का मैसेज दे रहे हैं नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों विपक्षी एकता को एकजुट करने की कवायद शुरू की थी। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के बिना भाजपा को हराया नहीं जा सकता है। इसके लिए कांग्रेस को अपनी विपक्षी एकता में शामिल करना ही होगा। कुछ लोगों ने सहमति जताई तो कुछ लोगों ने असहमति जताई थी। पिछले साल लालू यादव के साथ नीतीश कुमार मिलने कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली गए थे लेकिन, सोनिया गांधी से मुलाकात नही हुई थी। तब ये कयास लगाई जाने लगी कि नीतीश कुमार के फार्मूला से कांग्रेस सहमत नही है।

Share
Now