Home / Updates / दिल्ली मेट्रो की टिकटिंग अब Rapido ऐप पर – जानिए कैसे करें इस्तेमाल

दिल्ली मेट्रो की टिकटिंग अब Rapido ऐप पर – जानिए कैसे करें इस्तेमाल

दिल्ली-एनसीआर में रोज़ सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है! अब आपको मेट्रो टिकट खरीदने के लिए अलग से लाइन में लगने या किसी और ऐप में जाने की ज़रूरत नहीं है। Rapido ने एक नई सुविधा शुरू की है, जिसके ज़रिए आप सीधे Rapido ऐप से ही दिल्ली मेट्रो का टिकट बुक कर सकते हैं।
इस सुविधा को हकीकत बनाने के लिए DMRC (दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन) ने Rapido और ONDC (ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स) के साथ हाथ मिलाया है। इसका सबसे बड़ा फायदा ये है कि अब आप अपनी पूरी यात्रा – मेट्रो से लेकर मेट्रो के बाद की लास्ट माइल राइड – एक ही ऐप में प्लान और बुक कर सकते हैं।
सोचिए, सुबह ऑफिस जाना हो या शाम को घर लौटना – एक ही ऐप से आप मेट्रो का टिकट लें, फिर वहीं से बाइक या ऑटो बुक करें और सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच जाएं। सब कुछ जल्दी, आसान और बिना झंझट के।
यानी अब यात्रा होगी पूरी तरह से डिजिटल, स्मार्ट और कनेक्टेड – और वो भी आपके फोन में, बस एक ऐप से।

ONDC के सीईओ बोले: अब एक ही ऐप से पूरी यात्रा होगी संभव

दिल्ली मेट्रो की नई डिजिटल सुविधा की लॉन्चिंग के मौके पर माहौल खासा उत्साहित रहा। इस अवसर पर कई अहम चेहरे मौजूद थे – डीएमआरसी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विकास कुमार, ऑपरेशन्स डायरेक्टर अमित कुमार जैन, ONDC के सीईओ विभोर जैन, और वाणिज्य मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी संजीव जैसे वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें शामिल हुए।
इस मौके पर डॉ. विकास कुमार ने कहा, “हमारा मकसद हमेशा से रहा है कि यात्रियों को ज्यादा स्मार्ट, तेज़ और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिले। Rapido और ONDC के साथ किया गया यह गठजोड़ हमारी इसी सोच की एक और कड़ी है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस नई सुविधा से खास तौर पर ‘लास्ट माइल कनेक्टिविटी’ यानी मेट्रो से उतरने के बाद की यात्रा अब पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।
Rapido के को-फाउंडर अरविंद सांका ने भी इस पहल को यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत और गेम-चेंजर बताया। उन्होंने कहा, “दिल्ली-एनसीआर में हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं। हमारा मकसद है कि उन्हें एक ऐसा अनुभव मिले जो न सिर्फ सुरक्षित हो, बल्कि किफायती और आसान भी हो। ये साझेदारी उस दिशा में एक मजबूत कदम है।”
ONDC के सीईओ विभोर जैन ने इसे ट्रैवल इंडस्ट्री में एक क्रांतिकारी बदलाव कहा। उनके मुताबिक, “अब यात्री अपने घर से निकलने के बाद मेट्रो तक की और फिर मेट्रो से आगे की यात्रा – सब कुछ एक ही ऐप से प्लान और बुक कर सकेंगे। इससे सफर सिर्फ आसान ही नहीं, बल्कि कहीं ज्यादा कनेक्टेड और यूज़र-फ्रेंडली हो जाएगा।”

रिपोर्ट – कृष्णा त्यागी

Tagged:
[post-views]
Share
Now