गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र में हुई निक्की मौत कांड में पुलिस ने अब तक पति, सास, जेठ और ससुर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। पहले आरोपी पति विपिन भाटी को मुठभेड़ में घायल अवस्था में पकड़ा गया था, जिसके बाद उसकी मां दया को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोमवार को फरार चल रहे जेठ रोहित भाटी को सिरसा टोल चौराहा से गिरफ्तार किया गया, और कुछ ही देर बाद पुलिस ने निक्की के ससुर सत्यवीर को भी दबोच लिया। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए यूपी डीजीपी से तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने और पीड़िता के परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

निक्की की शादी वर्ष 2016 में विपिन भाटी से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार 35 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। बीते गुरुवार को पति विपिन और उसकी मां दया ने मिलकर निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दिल दहलाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है, वहीं पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।






