नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रचा इतिहास…….

नीरज चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय हैं।

नीरज की इस उपलब्धि पर पूरा देश खुशी से झूम रहा है। नीरज ने 88.17 मीटर दूर भाला फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने बुडापेस्ट में आधी रात को स्वर्ण पदक जीता और देशवासियों को उनसे यही उम्मीद थी।

बता दें विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में पाकिस्तान के अरशद नदीम दूसरे स्थान पर रहे। राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के साथ रजत पदक जीता, जबकि चेक गणराज्य के जैकब वडलेज ने 86.67 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

वही जैवलिन थ्रो के फाइनल में नीरज के अलावा डीपी मनु और किशोर जेना ने भी भाग लिया। किशोर जेना 84.77 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पांचवें और डीपी मनु 84.14 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ छठे स्थान पर रहे। विश्व चैंपियनशिप में 2022 में रजत पदक हासिल करने वाले नीरज का इस प्रतियोगिता में यह दूसरा पदक था।

Share
Now