Home / News / सांसद दुष्यंत सिंह ने विकास कार्यों को गति देने के लिए दिये निर्देश

सांसद दुष्यंत सिंह ने विकास कार्यों को गति देने के लिए दिये निर्देश

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

झालावाड़,19 जनवरी। सांसद दुष्यंत सिंह की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय में जिले की पेयजल, विद्युत, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी आमजन की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने 15 से 17 जनवरी तक चले अपने जिले के उन्हेल–नागेश्वर एवं चौमहला क्षेत्र की पदयात्रा के दौरान प्राप्त सुझावों एवं जन-आकांक्षाओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश
सांसद दुष्यंत सिंह ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को जल जीवन मिशन (जेजेएम) के कार्यों में तेजी लाने तथा आगामी गर्मी के मौसम से पूर्व जिले के सभी क्षेत्रों में सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल हर परिवार की मूल आवश्यकता है, इसे लेकर विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गंगाधर–चौमहला क्षेत्र में प्राप्त जल गुणवत्ता से जुड़े शिकायत को ध्यान में रखते हुए सांसद ने पीएचईडी अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
सड़क एवं आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई गति

पीडब्ल्यूडी की समीक्षा के दौरान सांसद ने नवीन सड़क निर्माण, मिसिंग लिंक, सड़कों की मरम्मत, सीसी रोड तथा यात्री प्रतीक्षालय निर्माण से संबंधित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने नए जीएसएस से जुड़े कार्यों, विद्युत लाइनों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, सेवाओं की गुणवत्ता और आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, आरपीएससी के पूर्व चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, नगर परिषद सभापति प्रदीप सिंह राजावत, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद के सीईओ शंभूदयाल मीणा सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now