उत्तराखंड में भाजपा युवा नेतृत्व और 60 प्लस के नारे के साथ 2022 के विधानसभा चुनाव में जाएगी। पार्टी ने एक तरह से संकेत दे दिया है कि उसका चुनावी चेहरा युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक कहते हैं विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही होगा। पार्टी ने 60 सीटों का लक्ष्य तय किया है। 2017 में पार्टी ने 57 सीटें जीती थी।
इससे पहले भाजपा ने 2012 के विधानसभा चुनाव में ‘खंडूड़ी है जरूरी’ का नारा देकर अपने अनुभवी और बुजुर्ग राजनेता को चुनावी चेहरा बनाया था।
यह देखना भी दिलचस्प होगा कि चुनावी कुरुक्षेत्र में पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल के युवा मुख्यमंत्री के समीकरण कैसे रहते हैं।