बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मचारी नगर स्थित नवोदय अस्पताल में शनिवार को चौथी मंजिल पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एसी में शॉर्ट सर्किट होने से लगने की आशंका है। धुआं उठते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत आपातकालीन व्यवस्था लागू करते हुए सभी वार्ड खाली कराए और मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर मरीजों को भी अस्पताल स्टाफ की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। समय रहते निकासी होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मिनी बाईपास रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात प्रभावित रहा और कई देर तक जाम की स्थिति बनी रही।
फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और उसके कारणों की जांच की जा रही है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन भी संबंधित अधिकारी कर रहे हैं।






