राज्य कर विभाग ने 341 करोड़ की टैक्स चोरी की जांच में फिर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने 22 नई फर्जी फर्मों का खुलासा किया है। ये फर्में आरोपी सौरभ मिश्रा की ईमेल जांच के दौरान मिली हैं। जानकारी के मुताबिक सौरभ ने 149 करोड़ का कारोबार दिखाकर 61 करोड़ की टैक्स चोरी की थी। अब तक कुल 144 फर्जी फर्में पकड़ी जा चुकी हैं और टैक्स चोरी का आंकड़ा 400 करोड़ के पार पहुंच गया है। अपर आयुक्त अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने लखनऊ, दिल्ली, बिहार, झारखंड, असम और पश्चिम बंगाल से जुड़े पतों की जांच की। इन 22 फर्मों से ही 149 करोड़ का कारोबार किया गया था। अब कुल टर्नओवर 1960 करोड़ पहुंच गया है।
आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जीएसटी पंजीयन कराया और ई-वे बिल जारी कर सरकार को करोड़ों का नुकसान पहुंचाया। राज्य कर विभाग ने तकनीकी विशेषज्ञों को जांच में लगाया है और उच्च अधिकारियों को रोज रिपोर्ट दी जा रही है। मामले की शुरुआत तब हुई जब लखनऊ-मुरादाबाद हाईवे पर 24-25 अक्तूबर को लोहे से लदे दो ट्रक पकड़े गए थे। जांच में पता चला कि ये माल लखनऊ के अंकित कुमार का था, जिसने देशभर में 122 फर्जी फर्में पंजीकृत कर रखी थीं। अब एसआईटी और साइबर पुलिस दोनों आरोपी अंकित कुमार और सौरभ मिश्रा की ईमेल व आईपी एड्रेस की जांच कर रही हैं। पुलिस ने कई अहम जानकारियां जुटाई हैं और आरोपियों के ठिकानों की तलाश तेज कर दी गई है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






