महराजगंज के कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। राजाबारी गांव निवासी नेहा रौनियार ने अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ मिलकर अपने पति नागेश्वर रौनियार (26) की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी ने शव को बाइक पर लेकर घर से लगभग 25 किलोमीटर दूर सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हत्या की साजिश: शराब और नींद की गोली का इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी ने पहले अपने पति को शराब पिलाई और उसके हाथ-पैर दुपट्टे से बांध दिए। इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। घटना को सड़क हादसे का रूप देने के लिए आरोपी पत्नी ने पति के शव को प्रेमी के साथ बाइक पर लेकर निचलौल-सिंदुरिया मार्ग पर दमकी गांव के पास छोड़ दिया।
साजिश में शामिल नेहा ने अपने बेटे आदविक को पहले मिठाई में नींद की गोली खिला कर गहरी नींद में डाल दिया। इसके बाद बेटे को कमरे में किनारे लिटाकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने बताया कि 13 सितंबर की रात करीब 3 बजे निचलौल पुलिस को सूचना मिली कि दमकी गैस एजेंसी के पास एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर शव की पहचान नागेश्वर रौनियार के रूप में हुई।
शव कब्जे में लेकर मृतक के पिता केशव राज रौनियार की तहरीर पर आरोपी पत्नी नेहा और उसके प्रेमी जितेंद्र के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर तलाश की गई। रविवार सुबह पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
प्रेम संबंध और तनाव की कहानी
जानकारी के अनुसार, नागेश्वर और नेहा की शादी लगभग छह साल पहले हुई थी। शादी के बाद उनका एक बेटा हुआ। पिछले एक वर्ष से नेहा का गांव के ही एक अन्य व्यक्ति जितेंद्र के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब नागेश्वर को इसका पता चला, तो उसने पत्नी को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान नेहा और प्रेमी ने साजिश रचकर हत्या को अंजाम दिया।
जांच जारी
निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना से जुड़ी हर बिंदु की गहनता से जांच की जा रही है। दोनों आरोपी अब जेल में हैं और उनसे पूछताछ जारी है।
रिपोर्ट : बाशु कुमार






