Home / News / बांका में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को रफ्तार देने हेतु ऋण मेला आयोजित

बांका में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को रफ्तार देने हेतु ऋण मेला आयोजित

बांका जिला में “प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को गति प्रदान करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग बांका एवं जिला प्रशासन बांका के संयुक्त पहल पर जिला सभागार में ऋण मेला सह ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ना एवं उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधान सभा सदस्य धोरैया मनीष कुमार, प्रभारी जिला पदाधिकारी उपेन्द्र सिंह एवं विद्युत कार्यपालक अभियंता कुमार सौरभ द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वरीय उपसमाहर्त्ता बैंकिंग शम्भू पटेल, विद्युत परियोजना प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार मिन्दु, टीआरडब्ल्यू के कार्यपालक अभियंता निशान्त कुमार, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, जीविका दीदी एवं बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।
ऋण मेला के दौरान उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया एवं बैंक ऋण की सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विधान सभा सदस्य मनीष कुमार द्वारा 27 उपभोक्ताओं को स्वीकृत ऋण पत्र वितरित किए गए।
अपने संबोधन में विधायक एवं प्रभारी जिला पदाधिकारी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि सभी पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के फायदे एवं सरकारी सब्सिडी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बताया गया कि इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 1 किलोवाट से 3 किलोवाट क्षमता तक के सोलर संयंत्र लगाने पर ₹30,000 से ₹78,000 तक की सरकारी सब्सिडी दी जा रही है। इससे न केवल बिजली बिल में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।
अंत में लोगों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस योजना का लाभ उठाएं और स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा की दिशा में कदम बढ़ाएं। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।

Tagged:
[post-views]
Share
Now