असम और बिहार में बाढ़ से जीवन अस्त व्यस्त, 37 लाख लोग प्रभावित…

मॉनसून के आने के साथ ही भारत के कुछ राज्यों में बारिश का कहर तेजी से बढ़ रहा है। असम और बिहार में बाढ़ से स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है और करीब 37 लाख लोग इस बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम में बाढ़ के प्रकोप से तीन और लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के अनुसार, असम के 33 जिलों में 27 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं।

बारपेटा, कोकराझार और मोरिगांव जैसे इलाकों में बाढ़ की वजह से मौत की घटनाएं सामने आई हैं। तो वहीं भूस्खलन के कारण भी राज्य में इस साल अभी तक करीब 122 लोगों की मौत हो चुकी है। 
उधर, बिहार में भी हालात सामान्य होने का नाम नहीं ले रहे है। यहां करीब दस लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। गंडक नदी का तटबंध तीन स्थानों पर टूट जाने से कई इलके पानी में डूब गए हैं। हालांकि यहां अभी तक इससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक 10 जिलों में 74 प्रखंडों की 529 पंचायतों में 9.60 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

अरुणाचल प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश की वजह से कई जिलों का संपर्क कट गया और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अरुणाचल के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल से बात की है और राज्य के हालात की जानकारी लेकर एकजुटता प्रकट की है।

उन्होंने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन से असम, बिहार और उत्तरप्रदेश के बाढ़ और कोविड-19 से प्रभावित लोगों के लिए रेड क्रॉस की राहत सामग्री ले जा रहे नौ ट्रकों को रवाना भी किया। वहीं मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश और बिहार में 26-28 जुलाई के बीच और पंजाब तथा हरियाणा में 27 से 29 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है।

Share
Now