अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
सावन के द्वितीय सोमवार पर विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए की प्रार्थना
कनकी//पवित्र श्रावण मास के द्वितीय सावन सोमवार के अवसर पर रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक ग्राम कनकी स्थित प्रसिद्ध कनकेश्वर धाम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चरणदास महंत पहुंचे। उन्होंने कनकेश्वर धाम में देवाधिदेव भगवान महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दर्शन कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया।
सावन सोमवार के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। डॉ. चरणदास महंत ने भगवान भोलेनाथ के समक्ष प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी प्रदेशवासियों पर सदैव बनी रहे और छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, शांति एवं समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहे।
कनकेश्वर धाम के विकास को लेकर हुई चर्चा
पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक के पश्चात नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कनकेश्वर धाम के युवा संगठन समिति के पदाधिकारियों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने क्षेत्र की आवश्यकताओं तथा विकास से जुड़े विषयों से उन्हें अवगत कराया।
डॉ. महंत ने उपस्थित लोगों से क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए आपसी समन्वय के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
कांग्रेस नेताओं और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
कनकेश्वर धाम में आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम के अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संयुक्त महामंत्री हरीश परसाई, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मनोज चौहान, नर्मदा शंकर राजवाड़े, रामचंद्र राजवाड़े, प्रकाश महंत, शांति स्वरूप महंत, विजय राजवाड़े, बसंत यादव, गोरे लाल मांझी, रोमी राजवाड़े, कोमल प्रसाद, संतोष पटेल, फागू राम पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, कनकेश्वर धाम युवा संगठन समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सावन सोमवार के अवसर पर कनकेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा। भगवान शिव के जयकारों के बीच डॉ. चरणदास महंत द्वारा किए गए जलाभिषेक के साथ क्षेत्रवासियों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की मंगलकामना की।






