20 वर्ष वाली पुरानी खटारा सरकार को उखाड़ फेकें-तेजस्वी यादव
रिपोर्ट :- चंद्रकिशोर पासवान
मंझौल/चेरिया बरियारपुर. बिहार की जनता को नक़ल वाली नहीं अकल वाली सरकार चाहिए. बिहार में डबल इंजन की नकलची सरकार है. इस सरकार में सभी जगह भ्रष्टाचार का बोलबाला है. उक्त बातें मंझौल में शहीद नित्यानंद साहू की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने शताब्दी मैदान मंझौल में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही. जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने लोगों से 20 वर्ष के इस खटारा सरकार को उखाड़ फेकने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमराई हुई है. बिहार में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है. युवा दर-दर की ठोकर खा रहे हैं. शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट है. मरीज इधर-उधर भटक रहे हैं. उनका इलाज सही से नहीं हो पा रहा है. अपना हक़ व अधिकार मांगने पर लाठीचार्ज किया जा रहा है. सरकार हमारी योजनाओं की घोषणाओं का नक़ल कर जुमलेबाजी के जाल में फंसाना चाह रही है. इससे सब लोगों को होशियार और सावधान रहने की जरूरत है. यह सरकार हम लोग की नकलची है। हम लोगों ने मुफ्त बिजली की बात किए थे लेकिन मेरे घोषणा के बाद मुख्यमंत्री जी ने बिजली का सवा सौ यूनिट फ्री कर दिया. जो चीज हम लोग घोषणा करते हैं, वादा करते हैं, इस वादों की नकल मुख्यमंत्री जी कर रहे हैं. लेकिन अब जनता यह बात समझ चुकी है. हमारी सरकार बनने पर हम 200 यूनिट बिजली मुफ्त में जनता को देंगे. हमारी सरकार बनने पर बिहार के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार दिया जाएगा.
शहीद नित्यानंद साहू के साथ खोदाबंदपुर में कर्पुरी ठाकुर के मूर्ति का अनावरण
नेता प्रतिपक्ष ने कहा शहीद नित्यानंद साहू जी की मूर्ति के अनावरण के लिए समय निकालकर हम आए हैं. बहुत दिनों से यह काम रुका हुआ था. चेरिया बरियारपुर के विधायक राजवंशी महतो जी ने मुझसे कहा तो मैं समय निकाल कर आया हूं. और आज इसका अनावरण किया गया है. सखथ ही शताब्दी मैदान मंझौल से ही रिमोट से खोदाबंदपुर में कर्पूरी ठाकुर जी के मूर्ति का भी अनावरण किया गया. मोदी सरकार बिहार में रोजगार को बढ़ावा नहीं दे रही है. बिहार के नौजवानों को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ता है. जबकि मोदी सरकार सभी फैक्ट्रियां गुजरात में लगा रही है. बिहार में उद्योग धंधा नहीं है. नीतीश कुमार की सरकार 20 साल की हो गई है. 20 साल में नीतीश चाचा अब थक चुके हैं. अब वे मानसिक रूप से काम करने के लिए सक्षम नहीं हैं. बिहार का संचालन बीजेपी कर रही है. लेकिन हम बिहार के युवा, बिहार की जनता जाग चुके हैं. अब बिहार की सरकार बिहार के युवा चलाएंगे. अब युवा रुकने वाले नहीं है. अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें. हम लोगों ने जनता से माय बहन योजना के नाम पर वादा किया था. प्रत्येक महीना ढाई हजार रुपया देंगे इसके मुताबिक साल में 30 हजार रुपया हो जाता है. 5 साल में डेढ़ लाख रुपया हो जाता है. लेकिन मेरे घोषणा के बाद नीतीश कुमार ने सभी को 10-10 हजार रुपया देना शुरू कर दिया. और यह रुपया उधार के रूप में दिया जा रहा है. सूद समेत वापस भी लिया जाएगा. लेकिन हम लोग केवल सहयोग के नाम पर देने की घोषणा किए हैं.
नेता प्रतिपक्ष के पहुंचते ही नारों से गूंज उठा पूरा शताब्दी मैदान
प्रतिपक्ष के नेता हेलीकॉप्टर के द्वारा शताब्दी मैदान मंझौल में लगभग 3.20 अपराहन में लैंड किया. तथा 3.50 अपराहन में मंझौल में उनकी सभा समाप्त हो गई. मंझौल में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगभग आधा घंटा रहे. उनके पहुंचते कार्यकर्ताओं का जोश और उत्साह चरम पर पहुंच गया. कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर नेता प्रतिपक्ष गदगद दिखे. तथा शताब्दी मैदान से शहीद की प्रतिमा अनावरण स्थल पर पहुंच मूर्ति का अनावरण किया. मूर्ति अनावरण के क्रम में राजद कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष के ऊपर जेसीबी से फूलों की वर्षा किया. एवं में फूल मालाओं से लाद दिया. जनसभा के लिए शताब्दी मैदान जाने के क्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव पत्रकार राजेश राज के घर पर जाकर उनके दिवंगत दादा समाजवादी नेता डॉ मेघन गोप के तैलीय चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. नेता प्रतिपक्ष के अतिरिक्त राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल एवं प्रदेश सचिव धर्मेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि इस बार बिहार में सरकार बदलेगी. तेजस्वी यादव ने 65 लाख पिछड़े दलित एवं अल्पसंख्यकों के नाम वोटर लिस्ट से काटने का विरोध किया है. बिहार में बड़े लोगों व सामंतों सरकार है. राजद के राष्ट्रीय महासचिव (महिला प्रकोष्ठ) संजू प्रिया ने कहा कि इस बार महिलाएं बदलाव के लिए पूर्णतः तैयार हैं. एनडीए के झांसें में नहीं आने वाली हैं. जब महागठबंधन की सरकार बनेगी तो पढ़ाई, कमाई, दवाई पर काम किया जाएग. अपराध, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाएगा.
सभा का संचालन एमएलसी उर्मिला ठाकुर ने किया. इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को बेगूसराय वार्ड नंबर 25 की पार्षद मीना देवी व उनके पति राजद व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बूटन साह ने चांदी का मुकुट पहनकर सम्मानित किया. इसके अतिरिक्त चेरिया बरियारपुर के पूर्व प्रत्याशी सावित्री देवी ने भी चांदी का मुकुट पहनाकर नेता प्रतिपक्ष को सम्मानित किया. इस दौरान उपस्थित भीड़ लगातार तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे.
पूरे मंझौल में सुबह से दिखा सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त
नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही मंझौल में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ती रही. तेज धूप में भी उत्साहित कार्यकर्ता जमे रहे. इस दौरान पूरे मंझौल में सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया था. मंझौल एसडीओ प्रमोद कुमार एवं एसडीपीओ नवीन कुमार सुरक्षा का मॉनिटरिंग शताब्दी मैदान मंझौल में कर रहे थे. मंझौल थाना अध्यक्ष फैसल अहमद अंसारी, चेरिया बरियारपुर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस कर्मियों के टीम के साथ लगातार भीड़ को नियंत्रित करने में लगे हुए थे. काफी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया गया था. जनसभा में लोगों के आने के कारण ट्रैफिक धीमा हो गया. संपूर्ण मैदान पोस्टर बैनर से पटा हुआ था. राजद कार्यकर्ता काफी उत्साहित थे. सभा को एमएलसी उर्मिला ठाकुर, तनवीर हसन, साहेबपुर कमाल के विधायक ललन यादव, बखरी के विधायक सूर्यकांत पासवान, अलौली के विधायक रामवृक्ष सदा, चेरिया बरियारपुर के विधायक राजवंशी महतो, बखरी के पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान, राजद के महिला प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव संजू प्रिया, राजद के प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र कुशवाहा, रामसखा महतो,राजद के अनुसूचित जाति के प्रखंड अध्यक्ष गुड्डु कुमार सावित्री देवी, इंद्रदेव सिंह कुशवाहा, संजय सुमन, अनुराग सिंह, ब्यूटी कुमारी, ब्रजनंदन यादव, समेत सैकड़ो की संख्या में राजद कार्यकर्ता आमलोगों के साथ तत्पर दिखे.







