Home / Events / लखनऊ कोर्ट के बाहर बुलडोजर एक्शन पर बवाल, वकीलों-पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज

लखनऊ कोर्ट के बाहर बुलडोजर एक्शन पर बवाल, वकीलों-पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह जिला कोर्ट परिसर के बाहर उस समय हंगामा मच गया, जब नगर निगम और पुलिस की टीम हाईकोर्ट के आदेश पर अवैध निर्माण हटाने पहुंची। प्रशासन ने कोर्ट परिसर के आसपास बने अवैध चैम्बर और दुकानों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की, जिसकी जद में करीब 240 कब्जे बताए जा रहे हैं। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में वकील मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।कुछ ही देर में माहौल गरमा गया और वकीलों व पुलिस के बीच जोरदार नोकझोंक शुरू हो गई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।

वकीलों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के अचानक बुलडोजर कार्रवाई की गई, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह अभियान हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और नगर निगम की कार्रवाई जारी है। दरअसल, राजधानी को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। जिला कोर्ट परिसर में अवैध निर्माण और कब्जों की वजह से वकीलों, वादकारियों और आम लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी के चलते नगर निगम ने 240 अवैध निर्माण चिन्हित किए थे, जिनमें कुछ वकीलों के चैम्बर भी शामिल हैं।

साथ ही नगर निगम का बुलडोजर लगातार अतिक्रमण कर रहा है। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स और वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं, ताकि हालात पर काबू रखा जा सके। वहीं बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में वकीलों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है और उनका प्रदर्शन तेज होता नजर आ रहा है।

रिपोर्ट – किरन

Tagged:
[post-views]
Share
Now