Home / News / जिला कलक्टर ने आवश्यक सेवाओं की समीक्षा कर दिए प्रभावी निर्देश

जिला कलक्टर ने आवश्यक सेवाओं की समीक्षा कर दिए प्रभावी निर्देश

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

झालावाड़, 17 मई। आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक रविवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल प्रकरण का निस्तारण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवादी की पूर्ण संतुष्टि भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा।

पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई व्यवस्थाओं की समीक्षा

जिला कलक्टर ने पेयजल विभाग को निर्देश दिए कि जिले के राजकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था की नियमित जांच कर पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। विद्युत विभाग को जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने एवं बिजली चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मौसमी बीमारियों तथा लू-तापघात से बचाव एवं उपचार हेतु अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयों, चिकित्सा संसाधनों एवं आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नगर परिषद आयुक्त को शहर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाने, बेसहारा गोवंश एवं श्वानों को पकड़ने तथा मैरिज गार्डनों में डीजे संचालन पर प्रतिबंध की सख्ती से पालना करवाते हुए नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अवैध गतिविधियों पर सख्ती एवं समर्थन मूल्य खरीदी कार्य की समीक्षा

बैठक में जिला कलक्टर ने अवैध रूप से कब्जा कर शराब के ठेकों के संचालन एवं दुकानों पर बैठाकर मदिरापान करवाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके अतिरिक्त उन्होंने जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही खरीदी व्यवस्था एवं बारदाना उपलब्धता की समीक्षा करते हुए रसद विभाग एवं कृषि मंडी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग को आगामी मानसून को देखते हुए जिले के बांधों की स्थिति की समयपूर्व जांच एवं आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now