बांका के केंद्रीय विद्यालय में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब 56 वर्षीय सहायक शिक्षक अनिल कुमार मंडल के आकस्मिक निधन की खबर मिली। विद्यालय परिवार और छात्र इस खबर से स्तब्ध हैं। किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा कि उनके प्रिय शिक्षक अब उनके बीच नहीं रहे।
श्री मंडल गणित विषय के कर्तव्यनिष्ठ और कर्मठ शिक्षक थे। वे बच्चों को गणित इतने सरल और प्रभावी तरीके से समझाते थे कि छात्र कठिन से कठिन प्रश्न भी आसानी से हल कर लेते थे। आज भले ही वे बच्चों के बीच नहीं हैं, लेकिन एक अच्छे मार्गदर्शक के रूप में वे हमेशा विद्यार्थियों की स्मृतियों में बने रहेंगे।
इस दुखद अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य चंद्रधारी शरण के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर में शोकसभा आयोजित की गई, जहां छात्रों और विद्यालय परिवार ने श्री मंडल की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस गमगीन माहौल में सभी की आंखें नम थीं।
विद्यालय के शिक्षकगण नाथनगर, भागलपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
श्री मंडल जैसे समर्पित शिक्षक को खोने से पूरा विद्यालय परिवार गहरे शोक में है।
रिपोर्ट: मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।
बांका के केंद्रीय विद्यालय ने अपने एक शिक्षक को खो दिया






