बेगूसराय: बलिया थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई डांसर राजेश पासवान उर्फ डिंपल की हत्या का मामला पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बलिया डीएसपी नेहा कुमारी ने प्रेस वार्ता में इस मामले की जानकारी दी।
2 अक्टूबर को सालेहचक पंचायत के हुसैना गांव के समीप नकटी बहियार में राजेश का शव पाया गया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसकी हत्या गला रेतकर की गई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मृतक के साथी प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया, जिसने अन्य तीन आरोपियों के नाम का खुलासा किया।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपी हैं शत्रुघन कुमार, अनंत कुमार, और सतीश कुमार। पूछताछ में पता चला कि प्रिंस ने राजेश का अश्लील वीडियो बना लिया था और उसके बदले पैसे की मांग कर रहा था। इसी कारण प्रिंस ने अपनी तीन साथियों के साथ मिलकर राजेश की हत्या की साजिश रची।
मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसके नेतृत्व में बलिया पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। सभी चार आरोपियों को बेगूसराय जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट – चंद्रकिशोर पासवान