Home / News / झालावाड़ ने रोमांचक मुकाबले में सीकर को 2 विकेट से हराया, सलमान खान का शतक और तनवीर का कहरफिरोज खान वारसी

झालावाड़ ने रोमांचक मुकाबले में सीकर को 2 विकेट से हराया, सलमान खान का शतक और तनवीर का कहरफिरोज खान वारसी

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट


झालावाड़ । जयपुर में चल रही सीनियर राज्य स्तरीय कोल्विन शील्ड में जिला क्रिकेट संघ झालावाड़ ने सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में सीकर जिले को 1 गेंद शेष रहते 2 विकेट से हराकर महत्वपूर्ण 2 अंक हासिल किए। मैच के हीरो कप्तान सलमान खान रहे जिन्होंने नाबाद 109 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीकर की टीम 48.1 ओवर में 231 रन पर सिमट गई। सीकर के लिए सचिन काकोडिया ने 51 और अंशुल गढ़वाल ने 41 रन का योगदान दिया। झालावाड़ की ओर से लेग स्पिनर तनवीर खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। उनके अलावा सागर सिंह राजपुरोहित और अरमान खान ने 2-2 विकेट लिए, जबकि कप्तान सलमान खान व अराफात खान को 1-1 सफलता मिली।
232 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी झालावाड़ की टीम की शुरुआत लड़खड़ाई। 49 ओवर में टीम का स्कोर 223/8 था और आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे। क्रीज पर कप्तान सलमान खान डटे हुए थे।
आखिरी ओवर में सलमान ने संयम और आक्रामकता का शानदार नमूना पेश किया। जब 5 गेंदों पर 7 रन की जरूरत थी, तब उन्होंने पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी। सलमान 125 गेंदों में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 109 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इस रोमांचक जीत से झालावाड़ टीम ने कोल्विन शील्ड में अपने अभियान को मजबूती दी है। कप्तान सलमान की कप्तानी पारी और तनवीर की घातक गेंदबाजी जीत के मुख्य आधार रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now