झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
झालावाड़ सहकारी भूमि विकास बैंक लि., ।
सहकारिता के सिद्धांतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के सतत विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से आज दिनांक 16.11.2025 को झालावाड़ सहकारी भूमि विकास बैंक लि0 झालावाड़ के तत्वावधान में 72वें सहकार सप्ताह के तहत ‘‘सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास को सुदृढ़ बनाना‘‘ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बैंक की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी शेखावत और सचिव श्री जयदीप सिंह हाड़ा सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं ग्रामीण विकास से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैंक अध्यक्ष श्रीमती पिंकी शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि, सहकारिता केवल एक वित्तीय मॉडल नहीं, बल्कि सामुदायिक एकजुटता की भावना है। भूमि विकास बैंक का लक्ष्य है कि ग्रामीण भाई-बहनों को उनके पैरों पर खड़ा करने के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान की जाए। हम ग्रामीण क्षेत्रों में आय के स्रोतों को बढ़ाने और पलायन को रोकने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ग्रामीण सदस्यों को सहकारिता के लाभों के बारे में शिक्षित करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा। कृषि उपकरणों और सौर ऊर्जा जैसे हरित पहलों के लिए विशेष ऋण योजनाएं प्रारम्भ करवाई जावेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को स्वरोजगार योजनान्तर्गत अधिकाधिक ऋण वितरण किया जावेगा।
सचिव जयदीप सिंह हाड़ा ने इस अवसर पर बैंक की भविष्य की योजनाओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया, बैंक शीघ्र ही डिजिटलीकरण की ओर कदम बढ़ाएगा, जिससे ऋण आवेदन और वितरण की प्रक्रिया और भी पारदर्शी और तेज हो जाएगी। हमारा जोर विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे किसानों को दीर्घावधि ऋण देकर उनकी उत्पादन क्षमता को बढ़ाने पर है। सहकारिता एक मजबूत और स्थायी आधार प्रदान कर सकती है, जिससे आत्मनिर्भर और समृद्ध गाँव का निर्माण संभव हो सकेगा।







