लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब इंडिगो एयरलाइंस की कोलकाता जाने वाली फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकी। पायलट द्वारा शिफ्ट समाप्त होने का हवाला देकर विमान उड़ाने से मना करने के बाद 179 यात्रियों को पूरी रात वाराणसी में ही रुकना पड़ा।जानकारी के अनुसार, कोलकाता से वाराणसी आने वाली इंडिगो की यह फ्लाइट खराब मौसम और घने कोहरे के कारण अपने निर्धारित समय दोपहर 1 बजे की बजाय करीब चार घंटे की देरी से शाम लगभग 5 बजे एयरपोर्ट पर पहुंची। फ्लाइट को वाराणसी पहुंचने के बाद वापस कोलकाता के लिए रवाना होना था, जिसके लिए यात्रियों ने चेक-इन भी कर लिया था।हालांकि, उड़ान से पहले पायलट ने यह कहते हुए विमान उड़ाने से इनकार कर दिया कि उसकी ड्यूटी निर्धारित समय सीमा पूरी कर चुकी है। इसके बाद पायलट एयरपोर्ट से होटल के लिए रवाना हो गया। काफी देर तक उड़ान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई और टर्मिनल भवन में हंगामा भी हुआ।स्थिति बिगड़ते देख एयरलाइंस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों से बातचीत की और उन्हें समझाया। इसके बाद सभी 179 यात्रियों को शहर के अलग-अलग होटलों में ठहराने की व्यवस्था की गई। एयरलाइंस की ओर से आश्वासन दिया गया कि यात्रियों को बुधवार को वैकल्पिक उड़ान से कोलकाता भेजा जाएगा।इस पूरे मामले पर वाराणसी एयरपोर्ट के निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि पायलट और केबिन क्रू के लिए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नियम लागू होते हैं। ये नियम उड़ान सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं ताकि थकान की स्थिति में कोई भी क्रू मेंबर उड़ान न भरे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वाराणसी में उस समय अतिरिक्त क्रू उपलब्ध नहीं था, जिस कारण फ्लाइट को ग्राउंड करना पड़ा।घने कोहरे के कारण मंगलवार को सुबह और शाम दोनों समय दृश्यता बेहद कम रही, जिससे वाराणसी एयरपोर्ट से कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ।






