मलेशिया के जोहर बाहरु में आयोजित सुल्तान जोहर कप में भारत और पाकिस्तान की जूनियर हॉकी टीमें आमने-सामने थीं। लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ खेल की नहीं, बल्कि खेलभावना की भी हो रही है। मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और हाई-फाइव करते हुए मुकाबले की शुरुआत की। इस पल की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, क्योंकि हाल के तनावपूर्ण हालात के बीच यह एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
दरअसल, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में कड़वाहट बढ़ी थी, जिसका असर खेलों पर भी दिखाई दिया। एशिया कप के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था और महिला वनडे वर्ल्ड कप में भी यही रवैया देखने को मिला था। इन हालातों को देखते हुए पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने अपने खिलाड़ियों को पहले से मानसिक रूप से तैयार रहने की सलाह दी थी उन्हें कहा गया था कि अगर भारतीय टीम हाथ मिलाने से इनकार करे, तो वे भावनात्मक प्रतिक्रिया देने के बजाय सिर्फ खेल पर ध्यान दें।
बता दे की गौर करने वाली बात ये है कि इससे पहले अगस्त में पाकिस्तान ने भारत में होने वाले पुरुष एशिया कप में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था, जिससे दोनों देशों के बीच खेल संबंध और भी तनावपूर्ण हो गए थे। लेकिन अब, हॉकी के मैदान पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों का यह दोस्ताना रवैया एक नई उम्मीद जगाता है कि शायद खेल के माध्यम से दूरियां कुछ हद तक कम हो सकें। ऐसे पल यह दिखाते हैं कि मैदान में भले ही टीमें प्रतिद्वंदी हों, इंसानियत और सम्मान की भावना सबसे ऊपर होती है।






