Home / News / बहराइच में बुलडोजर! मेडिकल कॉलेज में बनी 10 मज़ारें पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई ध्वस्त…

बहराइच में बुलडोजर! मेडिकल कॉलेज में बनी 10 मज़ारें पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई ध्वस्त…

बहराइच में स्थित महाराजा सुहेलदेव मेडिकल कॉलेज परिसर में बनी 10 छोटी मजारों को जिला प्रशासन ने सोमवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन के अनुसार, इन मजारों को करीब 24 वर्ष पहले तत्कालीन नगर मजिस्ट्रेट ने अवैध घोषित किया था। उस समय इनके ध्वस्तीकरण के आदेश भी जारी किए गए थे। आदेश के खिलाफ संबंधित समिति ने पहले जिलाधिकारी और फिर मंडलायुक्त के समक्ष अपील दायर की, लेकिन दोनों स्तरों पर अपील खारिज कर दी गई। वर्ष 2019 में मंडलायुक्त ने भी नगर मजिस्ट्रेट के आदेश को सही ठहराया था।

जिलाधिकारी कार्यालय के पास स्थित मेडिकल कॉलेज से सटी रसूल शाह बासवाड़ी के अस्ताने में पहले केवल दो मजारें थीं, जो वक्फ बोर्ड में पंजीकृत हैं। बाद में देखरेख करने वालों द्वारा करीब 10 अन्य छोटी मजारें स्थापित कर दी गई थीं। इन अतिरिक्त मजारों को वर्ष 2002 में अवैध करार दिया गया था।

वर्ष 2023 में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के बाद ये मजारें कॉलेज परिसर के अंतर्गत आ गई थीं। इसके बाद प्रशासन ने संबंधित पक्ष को स्वयं मजारें हटाने का अवसर दिया। नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद के अनुसार, 10 जनवरी 2026 को नोटिस जारी कर 17 जनवरी तक अवैध मजारें हटाने के निर्देश दिए गए थे। तय समय सीमा में कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वक्फ बोर्ड में पंजीकृत दो वैध मजारों को नहीं हटाया गया है, जबकि 10 छोटी मजारों को ध्वस्त किया गया है।

[post-views]
Share
Now