झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
40+ फर्स्ट एड उपकरणों की भव्य प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, शारीरिक शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों को मिला प्रैक्टिकल जीवन रक्षक ज्ञान
झालावाड़।
आज संकल्प एकेडमी, झालावाड़ में पंच गौरव योजना के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम ऐतिहासिक एवं अत्यंत प्रेरणादायक रहा, जिसमें प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा एवं खेल जगत के अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्याम सुंदर जी शर्मा (पूर्व अध्यक्ष, राजस्थान लोक सेवा आयोग) उपस्थित रहे। साथ ही जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया, नगर परिषद के पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभूदयाल मीणा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हुकुम चंद मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी भीम सिंह अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार पाटीदार, समाजसेवी मनोज कुमार शर्मा (सद्गुरु नेत्र फाउंडेशन), उदयभान सिंह (संकल्प एकेडमी) एवं जिला खेल अधिकारी कृपाशंकर शर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
इसके अतिरिक्त मेडिकल कॉलेज के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों में डॉ. मनोज कुमार शर्मा (प्रोफेसर, एनाटॉमी), डॉ. प्रीति पारीक, डॉ. प्रियंका जैन एवं डाइटीशियन जलज तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक समृद्ध बनाया।
कार्यक्रम में जिले के समस्त शारीरिक शिक्षक, खेल प्रशिक्षक, संकल्प एकेडमी के छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर ऊर्जा और उत्साह से भर गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा जिला नोडल अधिकारी डॉ. शुभम गिरिराज पाटीदार द्वारा टीम त्रिलोक नागर, शैलेश राठौड़ द्वारा दिया गया लाइफ सेविंग हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण, जिसमें खेल गतिविधियों के माध्यम से CPR, BLS एवं फर्स्ट एड की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में सर्पदंश (Snake Bite), मधुमक्खी डंक (Honey Bee Sting), हीट स्ट्रोक, फायर सेफ्टी, चोकिंग, बर्न, ट्रॉमा, ब्लीडिंग एवं सडन कार्डियक अरेस्ट जैसी आपातकालीन स्थितियों से निपटने के तरीके सिखाए गए।
साथ ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक भव्य इमरजेंसी रिस्पॉन्स एवं फर्स्ट एड अवेयरनेस प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें 40+ प्रकार के आधुनिक फर्स्ट एड टूल्स, किट्स, उपकरण एवं प्रशिक्षण सामग्री को बैनर, पोस्टर एवं लीफलेट के माध्यम से सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित कर सभी को हैंड्स-ऑन प्रैक्टिकल ज्ञान दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी माननीय अतिथियों एवं अधिकारियों ने इस अभिनव पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि विश्व हृदय दिवस से प्रारंभ हुए इस जीवन रक्षक अभियान के अंतर्गत 45,000 से अधिक आमजन को प्रशिक्षित करना एक अद्वितीय एवं प्रेरणादायक उपलब्धि है।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. शुभम गिरिराज पाटीदार को सभी अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया
इसके अतिरिक्त—
डॉ. मनोज कुमार शर्मा (प्रोफेसर, एनाटॉमी) द्वारा हड्डियों एवं जोड़ों (Bone & Joints) पर विस्तृत व्याख्यान
डॉ. प्रीति पारीक द्वारा स्पोर्ट्स साइकोलॉजी पर मार्गदर्शन
डॉ. प्रियंका जैन द्वारा इंजरी रिहैबिलिटेशन विषय पर विशेषज्ञ जानकारी प्रदान की गई
इन सभी विशेषज्ञों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम न केवल एक शैक्षणिक आयोजन रहा, बल्कि “हर हाथ बने जीवन रक्षक” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम का समापन उत्साह, प्रेरणा एवं जनसेवा के संदेश के साथ हुआ, जिसने पूरे जिले में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
संदेश स्पष्ट है — सही समय पर सही ज्ञान, बचा सकता है अनमोल जीवन!








