राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबाला एयरबेस से भरी राफेल में उड़ान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज अंबाला वायुसेना स्टेशन से फ्रांस निर्मित राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। वे भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एयरफोर्स अधिकारियों से बातचीत की और राफेल विमान की क्षमताओं के बारे में जानकारी ली। संभावना है कि राष्ट्रपति ने अंबाला एयरबेस के आसपास का चक्कर भी लगाया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और वायुसेना अधिकारियों ने खास तैयारियां की थीं। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रपति हवाई मार्ग से दिल्ली से अंबाला छावनी एयरफोर्स स्टेशन पहुंचीं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरबेस के आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। स्टेशन के अंदर मोबाइल ले जाना भी वर्जित था और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई।
भारत ने राफेल लड़ाकू विमान फ्रांस से खरीदे हैं। राफेल की पहली खेप 27 जुलाई 2020 को भारत पहुंची थी, जिसमें पांच विमान शामिल थे। ये विमान सबसे पहले अंबाला एयरबेस आए थे। 10 सितंबर 2020 को राफेल विमानों को औपचारिक रूप से भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। इस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली मौजूद थीं। इन विमानों को 17वीं स्क्वॉड्रन ‘गोल्डन एरोज’ में शामिल किया गया था।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






