भारतीय जनता पार्टी ने विवादित बयान मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए तेलंगाना विधायक टी राजा सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया है। उनसे 10 दिन में जवाब तलब किया गया है। इससे पहले पुलिस ने भाजपा विधायक को गिरफ्तार कर लिया था।
विवादित बयान मामले में भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने तेलंगाना से विधायक टी राजा सिंह को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उनको कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। भाजपा ने तेलंगाना विधायक से पूछा है कि क्यों न उन्हें पार्टी से बर्खास्त कर दिया जाए? उनसे 10 दिन में जवाब देने को कहा गया है। इसके अलावा भाजपा विधायक के खिलाफ जांच भी बिठाई गई है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था वीडियो
भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो में उन्होंने पैगंबर मोहम्मद को लेकर कथित तौर पर टिप्पणी की थी। इसके बाद सोमवार देर रात हैदराबाद में सैंकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और भाजपा विधायक को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। विरोध बढ़ता देख पुलिस ने आज सुबह धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में भाजपा विधायक को गिरफ्तार कर लिया।