पीलीभीत के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला गुरुकुल पुरम में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बाथरूम में गैस गीजर के इस्तेमाल के दौरान ऑक्सीजन की कमी होने से डीआरडीए के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और उनकी पत्नी की मौत हो गई। सोमवार को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत का कारण दम घुटना बताया गया है।
घटना रविवार देर रात की है। गुरुकुल पुरम कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले हरजिंदर सिंह (42) और उनकी पत्नी रेनू सक्सेना (40) बाथरूम के अंदर मृत अवस्था में मिले। बताया जा रहा है कि काफी देर तक संपर्क न होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। पहले रेनू को फोन किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद हरजिंदर के मोबाइल पर भी संपर्क करने की कोशिश की गई, पर कोई जवाब नहीं मिला।
इस पर आसपास के लोग उनके घर पहुंचे। मुख्य दरवाजा खुला मिला, लेकिन अंदर कोई दिखाई नहीं दिया। जब लोग बाथरूम के पास पहुंचे तो पति-पत्नी फर्श पर पड़े नजर आए। अनहोनी की आशंका पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में बाथरूम का दरवाजा खोला गया और जांच शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि नहाते समय गैस गीजर चलने से बाथरूम में ऑक्सीजन का स्तर कम हो गया, जिससे रेनू का दम घुट गया। उन्हें बचाने के लिए हरजिंदर बाथरूम में पहुंचे, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आ गए।
जांच में यह भी सामने आया कि रेनू के बाल गीले थे और वह नहाने की स्थिति में थीं, जबकि हरजिंदर कपड़े और जूते पहने हुए थे। बाथरूम के अंदर गैस की तेज दुर्गंध भी महसूस की गई। पुलिस का मानना है कि पत्नी की हालत बिगड़ने पर हरजिंदर उन्हें बाहर निकालने पहुंचे होंगे, लेकिन समय रहते बाहर नहीं आ सके।
बताया गया कि रेनू सक्सेना का करीब एक महीने पहले सड़क हादसे में एक हाथ टूट गया था, जिसका प्लास्टर हाल ही में खुला था। ऐसे में वह शारीरिक रूप से कमजोर थीं। आशंका जताई जा रही है कि कमजोरी के चलते वह खुद बाथरूम से बाहर नहीं निकल सकीं और मदद के लिए पति को बुलाने की कोशिश भी नहीं कर पाईं।
हरजिंदर सिंह मूल रूप से शहर के सुभाषनगर इलाके के रहने वाले थे और पिछले करीब एक साल से गुरुकुल पुरम में पत्नी के साथ रह रहे थे। दोनों ने करीब पांच साल पहले प्रेम विवाह किया था।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गैस गीजर के कारण ऑक्सीजन की कमी से दम घुटने की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस ने पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई पूरी कर ली है।
पीलीभीत में गैस गीजर बना काल, बाथरूम में दम घुटने से पति-पत्नी की मौत






