बरेली। बरेली पुलिस की SIT-GST और थाना भोजीपुरा पुलिस ने फर्जी जीएसटी फर्म के जरिए करोड़ों रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुकदमे में वांछित चल रहे मुताहिर अली (44), निवासी थाना जहानाबाद, पीलीभीत को गिरफ्तार किया है।
राज्य कर विभाग की शिकायत पर थाना भोजीपुरा में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान विजन ट्रेडर्स नामक फर्म की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जांच में आरोप है कि फर्म द्वारा वास्तविक माल की आपूर्ति किए बिना फर्जी बिल जारी किए गए और उनके आधार पर करीब ₹2.41 करोड़ की ITC प्राप्त तथा हस्तांतरित की गई।
विभागीय जांच में विजन ट्रेडर्स अपने जीएसटी पंजीकरण में दर्ज पते पर संचालित नहीं मिली। जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध खरीद-बिक्री और टैक्स से जुड़े रिकॉर्ड की जांच में भी कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं।
इसके बाद मामले की विवेचना आगे बढ़ाते हुए SIT-GST और भोजीपुरा पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों, फर्जी बिलों के जरिए लाभ लेने वाली फर्मों और रुपये के लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है।
बड़ा सवाल यह है कि ₹2.41 करोड़ की फर्जी ITC के इस कथित खेल में नेटवर्क कितना बड़ा है और जांच की आंच अब किन अन्य फर्मों व लोगों तक पहुंचेगी?






